Breaking News

गांधीजी के शहादत दिवस पर सामाजिक सद्भाव एवं न्याय के लिए संगठनों द्वारा लिया गया संकल्प Pledge taken by organizations for social harmony and justice on Gandhiji's martyrdom day

जमशेदपुर : महात्मा गांधी के शहादत दिवस के अवसर पर गुरुवार को जमशेदपुर के सामाजिक संगठनों ने साकची बिरसा चौक पर इकट्ठे होकर देश में सामाजिक सौहार्द और न्याय की स्थापना का संकल्प लिया। कार्यक्रम में शामिल शहर के कार्यकर्ता अपने हाथों में नारों की तख्तियां पकड़े हुए थे। उन्होंने सांप्रदायिक शक्तियों द्वारा समाज को विभाजित करने और अल्पसंख्यकों के प्रति निरंतर घृणा फैलाने के लिए कट्टरपंथियों संगठनों की आलोचना की। इस अवसर पर जन्म मुक्ति संघर्ष वाहिनी जिला सर्वोदय मंडल एवं साझा नागरिक मंच की ओर से एक पर्चा भी वितरित किया गया। पर्चे में इस बात का उल्लेख किया गया था कि आरएसएस और भाजपा का लोकतंत्र में विश्वास नहीं है, बल्कि ये लोकतांत्रिक व्यवस्था का उपयोग लोकतंत्र को खत्म करने के लिए कर रहे हैं। कॉरपोरेट, जमींदारों और राजतंत्र के समर्थक इन तत्वों को लोकतंत्र के प्रति आस्था हमेशा से संदिग्ध रही है। ये देश में धार्मिक एकतंत्र की स्थापना चाहते हैं जो राजतंत्र जैसा ही है। गांधी की हत्या भी इन्होंने इसलिए की है कि वे भारत को धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र बनाना चाहते थे। औपनिवेशिक शासन से 15 अगस्त 1947 को देश को जो राजनीतिक आजादी मिली थी उसे भी ये हजम नहीं कर पा रहे हैं। इसलिए बार-बार कभी 2014 को तो कभी 22 जनवरी 2023 को आजादी का दिन कहते फिर रहे हैं। हाल ही के दिनों में पटना में आयोजित एक कार्यक्रम में भोजपुरी गायिका देवी द्वारा 'ईश्वर अल्लाह तेरो नाम' भजन गाने पर  कट्टरपंथियों ने हंगामा खड़ा कर दिया। यह घटना अत्यंत निंदनीय है। कहा कि 30 जनवरी 1948 को जब गांधीजी प्रार्थना के लिए जा रहे थे, उसी दरमियान आरएसएस से संबंधित नाथूराम और उनके साथियों ने 5:17 बजे गांधी की हत्या कर दी।इसलिए शाम 5.17 पर शहादत संकल्प कार्यक्रम का समापन मोमबत्ती जलाकर किया गया और सामाजिक सौहार्द और वैश्विक शांति के प्रति निष्ठा व्यक्त की गई। इस  कार्यक्रम में जगत, मंथन, सियाशरण शर्मा, निधि, अरविंद अंजुम, डॉ. राम कवींद्र, ओम प्रकाश, राजकुमार यादव, चिंतामणि साहु, डीएनएस आनंद, शुभदर्शी, उमापदो हांसदा, अरविंद कुमार, केवी पाई, रामबचन ठाकुर, विक्रम, आरव, आयुष्मान, शंकर नायक, रविंद्र प्रसाद, रईस आफरीदी, गणेश राम, जितेंद्र यादव, ज्ञान रंजन महतो, अमर सेंगेल, कुमार चंद्र मार्डी, मणिमय सिन्हा, देवाशीष मुखर्जी, योगेश शर्मा, अरुण आदि शामिल हुए।

0 Comments


--ADVERTISEMENT--

 







Fashion

Type and hit Enter to search

Close