Breaking News

हर गांव में आयोजित किया जाएगा मुख्यमंत्री आपके द्वार शिविर- हेमन्त सोरेन Chief Minister Aapke Dwar Camp will be organized in every village- Hemant Soren

रांची(Ranchi) : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि जिला और प्रखंड के बाद अब हर गांव में मुख्यमंत्री आपके द्वार कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। शिविर में जिला से लेकर पंचायत स्तर के पदाधिकारी जाएंगे। भाजपा पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि अगर लोकसभा चुनाव के दौरान उसे जेल नहीं भेजते तो विधानसभा की तरह भाजपा को लोकसभा में भी सीटें खोजनी पड़ती। शुक्रवार को मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन हजारीबाग में झामुमो के 46वें स्थापना दिवस समारोह पर आयोजित कार्यक्रम के मौके पर उन्होंने उपरोक्त बातें कही। इस मौके पर झामुमो ने शक्ति प्रदर्शन भी किया। भाजपा के शासन पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि 17 साल के भाजपा के शासन काल में राज्य में लोग भूख, बेरोजगारी, पलायन तथा भ्रष्टाचार से परेशान थे। वर्ष 2019 और 2024 में भाजपा सरकार को लोगों ने उखाड़ फेंका। आने वाले दिनों में भी उन्हें राज्य में सत्ता नसीब नहीं होगी। झारखंड आंदोलनकारियों को स्मरण करते हुए सीएम ने अपने पिता शिबू सोरेन, स्व0 बिनोद बिहारी महतो, स्व0 निर्मल महतो के योगदान को याद करते हुए कहा कि अलग राज्य के लिए 40 से अधिक वर्षो तक संघर्ष किया। इस दौरान सैकड़ों महिलाओं का सिंदूर उजड़ गया, सैकड़ों शहीद हुए। राज्य अलग हुआ और झारखंड के लोगों में खुशी की लहर दौड़ी, अब राज्य का विकास होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासनकाल के 17 सालों में केवल विनाश हुआ, लोग लूटने में लगे रहे। केंद्र पर तंज करते हुए सीएम ने कहा कि राज्य में 40 प्रतिशत खनिज संपदा है, परंतु यहां के मूलवासी रोजगार के लिए देश के बाहर जा रहे हैं और बाहरी राज कर रहे हैं। मंईयां योजना पर बोलते हुए कहा कि जो लोग पैसे मांगने आएं उसे खदेड़ दें।
साइबर ठगी पर नसीहत देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बेईमान लोग आपको पैसे डबल करने के नाम पर फोन करेंगे, परंतु उनके चाल में फंसना नहीं है। जो पैसे दिए जा रहे हैं, उसका उपयोग आदिवासी- मूलवासी को अपने परिवार को चलाने, खेती बारी करने और आर्थिक स्थिति को ठीक करने में लगाएं। वृद्धा पेंशन पर कहा कि जो भी सरकारी सेवक लापरवाही बरतेगा, उसे अपनी नौकरी से हाथ धोना पड़ेगा।
सीएम ने आश्वस्त करते हुए कहा कि आपका राज्य सुरक्षित हाथों में है। मूलवासी, आदिवासी के हाथों में है। रांची के सिरमटोली में हुए मामले में बिना किसी का नाम लेते हुए सीएम ने कहा कि कुछ आदिवासी बाहरियों के एजेंट बन गए हैं, उनके झांसे में ना आएं। समारोह को मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, योगेंद्र महतो, झामुमो महासचिव विनोद पांडेय, फागु बेसरा आदि ने भी संबोधित किया।


0 Comments


--ADVERTISEMENT--

 







Fashion

Type and hit Enter to search

Close