Breaking News

सूचना तंत्र मजबूत कर अवैध अफीम की खेती को चिन्हित कर नियमसंगत कार्रवाई करें- आयुक्त,कोल्हान Strengthen the information system and identify illegal opium cultivation and take legal action- Commissioner, Kolhan

सरायकेला : अवैध अफीम की खेती के विनष्टीकरण एवं रोकथाम हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को डाकबंगला पथ प्रमंडल,  खरसावां सभागार में कोल्हान प्रमंडल स्तरीय समीक्षा बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रमंडलीय आयुक्त हरि कुमार केसरी ने किया। बैठक में रांची जोनल आईजी अखिलेश झा, कोल्हान डीआईजी मनोज रतन चौथे, उपायुक्त रविशंकर शुक्ला, उपायुक्त पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) कुलदीप चौधरी, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लूणायत, पुलिस अधीक्षक पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) आशुतोष शेखर, वन प्रमण्डल पदाधिकारी सरायकेला एवं वन प्रमण्डल पदाधिकारी पोड़ाहाट सहित दोनों जिलों के अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे। इस दौरान सरायकेला-खरसावां एवं पश्चिमी सिंहभूम जिले में अवैध अफीम की खेती को लेकर चलाए जा रहे अभियान की समीक्षा कर मादक पदार्थो के खरीद बिक्री एवं परिचलन मे संलिप्त लोगो पर नियम संगत कार्रवाई करने तथा किसानो को अवैध अफीम की खेती के बजाय अन्य वैकल्पिक खेती के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया गया। बैठक के दौरान सरायकेला-खरसावां जिले मे अवैध अफीम की खेती को लेकर की जा रही गतिविधियों के सम्बन्ध मे जानकारी देते हुए उपायुक्त रवि शंकर शुक्ला ने बताया कि विगत वर्ष की तुलना मे 50% कम खेती हुई है। उन्होंने बताया कि जिले मे अबतक लगभग 214 एकड़ अवैध अफीम की खेती को स्थानीय प्रशासन के द्वारा विनिष्टिकरण किया गया है। उपायुक्त ने कहा कि अभियान के तहत अबतक 13 प्राथमिकी दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। जिले के विभिन्न क्षेत्र मे अवैध अफीम खेती को चिन्हित किया गया है जिसके विनष्टीकरण हेतु अग्रतर कार्रवाई की जा रही है। उपायुक्त ने कहा कि अभियान के तहत अफीम खेती का विनिष्टीकरण के साथ साथ किसानो को अन्य वैकल्पिक खेती के लिए प्रेरित कर उन्हें बीज भी उपलब्ध कराया जा रहा है। इस मौके पर उपायुक्त पश्चिमी सिंहभूम कुलदीप चौधरी ने बताया कि जिले मे अवैध अफीम खेती के विनष्टीकरण अभियान के तहत जिले में (2024 -25 मे) 122 एकड़ खेती का विनष्टीकरण किया है। अभियान के तहत अबतक 11 प्राथमिकी दर्ज की गई है। उपायुक्त ने कहा कि विभिन्न विभागों के साथ समन्वय से कैलेंडर निर्धारित कर नशा मुक्ति तथा अवैध अफीम खेती के विनष्टीकरण के प्रति लोगों को जागरूक करने हेतु विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। बैठक के दौरान जोनल आईजी, रांची अखिलेश कुमार झा ने थानावार अवैध अफीम खेती विनिष्टीकरण के लिए किया जा रहे कार्य तथा आगामी योजनाओं की जानकारी लेकर दोनों जिले मे अवैध अफीम खेती के विनष्टीकरण हेतु किए जा रहे कार्यों की सराहना की तथा सभी विभाग के पदाधिकारियों को बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अवैध अफीम खेती की चिन्हितकरण के लिए आवश्यकतानुसार ड्रोन का उपयोग करें तथा अफीम खेती के विनष्टिकरण के लिए पर्याप्त सुरक्षा बल साथ लें जाए। श्री झा ने कहा कि प्रभावित क्षेत्र के सभी थाना प्रभारी एवं अंचलधिकारी स्थानीय ग्राम प्रधान एवं मानकी-मुंडा के साथ बैठक कर अवैध अफीम खेती के विरुद्ध प्रशासनिक कार्रवाई तथा अफीम, गांजा जैसे अवैध मादक पदार्थों के प्रयोग से स्वास्थ्य, समाज एवं परिवार पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव से अवगत कराकर किसानो को अन्य वैकल्पिक खेती के लिए जागरूक करने मे सहयोग लें। उन्होंने कहा कि किसानों को अवैध खेती के लिए प्रेरित करने वाले लोगों को चिन्हित करें तथा उन पर कड़ी कार्रवाई करें।

0 Comments


--ADVERTISEMENT--

 







Fashion

Type and hit Enter to search

Close