Breaking News

औद्योगिक क्षेत्र के मजदूरों का शोषण अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा - अरविंद सिंह Exploitation of workers in the industrial sector will no longer be tolerated - Arvind Singh


गम्हरिया शहनाई भवन में आदित्यपुर मजदूर यूनियन की ओर से कार्यक्रम आयोजित
गम्हरिया : पूर्व विधायक सह आदित्यपुर मजदूर यूनियन के संयोजक अरविंद सिंह ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र के मजदूरों का शोषण अब बर्दाश्त नही किया जाएगा। भ्रष्ट उद्यमियों एवं पूंजीपतियों की मनमानी हरगिज चलने नहीं दी जाएगी। औद्योगिक क्षेत्र में 20 लाख ठेका मजदूरों का शोषण हो रहा है। वे वर्षों से न्यूनतम मजदूरी की आस लगाए बैठे है। मजदूरों एवं ठेकेदारों का शोषण कर कंगाल से अमीर बने उन उद्यमियों के चेहरे को हम सभी मिलकर बेनकाब करेंगे। उनके काले कारनामे का पर्दाफाश मजदूरों के सामने करेंगे।  रविवार को आदित्यपुर मजदूर यूनियन के बैनर तले मजदूरों एवं ठेकेदारों की समस्या पर शहनाई भवन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक सिंह इस क्षेत्र की प्रमुख कंपनियों में जेएमटी, आरकेएफएल, आधुनिक, टायो समेत अन्य पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि प्रबंधन की तानाशाही एवं शोषण की मानसिकता का शिकार हुए जेएमटी और टायो के कामगार आज सड़क पर दर-दर की ठोकरें खाने पर मजबूर हैं। जेएमटी कम्पनी का अधिग्रहण आरके फोर्जिंग द्वारा एनसीएलटी के फैसले पर किया गया। एनसीएलटी द्वारा काफी कम समय एवं रकम में फैसला देकर मजदूरों को उनका हक एवं अधिकार से वंचित कर दिया। कहा कि इस कंपनी से जुड़े मजदूरों और ठीकेदारों का बकाया राशि का भुगतान का प्रतिशत भी एनसीएलटी के निर्णय के आलोक में तय किया गया जो इतनी कम है कि मजदूरों, सप्लायरों से लेकर ठेकेदारों में रोष व्याप्त है। एनसीएलटी ने जो फैसला दिया, वह पीड़ित पक्ष की सुने बिना दिया गया है, जो एक गंभीर मामला है। इस मुद्दे को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही मुख्यमंत्री से मिलकर पूरे मामले से अवगत कराएगा। कहा कि मजदूरों एवं ठेकेदारों को न्याय नहीं मिला तो सुप्रीम कोर्ट तक जाएगा। उन्होंने कहा कि असंगठित क्षेत्र के मजदूरों को लेकर एक वृहत पैमाने पर संगठन बनाया जाएगा। उसमें सभी छोटी-बड़ी कंपनियों के कामगारों को जोड़ा जाएगा। कहा कि एसिया, लघु उद्योग भारती, चेंबर ऑफ कॉमर्स आदि बन गए, किंतु मजदूरों की समस्या पर किसी ने ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि अब अगर मजदूर  नहीं जागेंगे तो उन्हें पछताना पड़ेगा। इससे पूर्व गम्हरिया लाल बिल्डिंग चौक से विशाल रैली कार्यक्रम स्थल तक निकाली गई। 




इस मौके पर प्रसिद्ध मजदूर नेता एसएन सिंह ने  कहा कि आज मालिक यहां की कंपनी बंद कर दूसरे राज्यों में इसलिए जा रहे हैं कि उन्हें यहां के मजदूरों का सेटलमेंट नहीं देना पड़े। उषा मार्टिन आज टाटा लांग प्रोडक्ट बन गया, लेकिन उनके मजदूरों को इंसाफ नहीं मिला। उन्होंने एकजुट होकर अपने हक और अधिकार के लिए संघर्ष करने का आह्रान किया। झारखंड वर्कर्स यूनियन के केंद्रीय महासचिव ओमप्रकाश सिंह ने इस रैली और मजदूरों की एकजुटता के लिए आदित्यपुर मजदूर यूनियन के नेताओं की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि यहां सैंकड़ों उद्योग हैं, जिनमें लाखों मजदूर काम करते हैं. उन्हें न्यूनतम मजदूरी तक नहीं मिल रही है। सैंकड़ों मजदूरों को बोनस और छुट्टी का पैसा तक नहीं दिया जाता है। पूर्व मुखिया जवाहर लाल महाली ने कहा कि आज कृषि हो या भवन निर्माण या कारखाने के मजदूरों की बात हो या मनरेगा मजदूरों की बात हो, सबका शोषण हो रहा है. उनके साथ सौतेला व्यवहार होता है. आज उन्हें एकजुट कर शोषण से मुक्ति दिलाने की जरूरत है। मंच का संचालन कांग्रेस नेता जगदीश नारायण चौबे ने किया। सभा की अध्यक्षता कृषि कर्मण पुरस्कार विजेता सोखेन हेंब्रम ने किया। सभा को रामू मुर्मू, होनी सिंमुंडा, प्रकाश राजू, महेश्वर महतो, सुभाष मित्तल, भगवान सिंह आदि ने संबोधित किया। 
ये रहे मुख्य रूप से उपस्थित 
इस कार्यक्रम में समाजसेवी चंदन सिंह, भाजपा नेता धर्मेंद्र कुमार, आशीष दास, सुनील सिंह, मोनू झा, शैलेश तिवारी, अमित सिंहदेव, रानी कालुंदिया, अनिमा देवी समेत काफी संख्या में औद्योगिक क्षेत्र के मजदूर उपस्थित थे।

0 Comments

Fashion

Type and hit Enter to search

Close