ईचागढ़ : राज्य की हेमंत सरकार ने जनता को दिग्भ्रमित कर सत्ता हासिल किया है। सब्जबाग दिखाकर सत्ता में आने वाली हेमंत सरकार गरीबों का अनाज भी खा रही है। चुनाव के दौरान किए गए एक भी वादे को हेमंत सरकार ने अबतक पूरा नहीं किया है। युवाओं के लिए बेरोजगारी भत्ता सपना बन गया है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने शुक्रवार को ईचागढ़ प्रखंड के टीकर हाई स्कूल मैदान में संकल्प यात्रा के तहत आयोजित सभा को संबोधित करते हुए उपरोक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार पिछले पौने चार साल से सिर्फ बड़ी-बड़ी घोषणाएं करती रही है। चुनावी घोषणा पत्र में ही नहीं बल्कि विधानसभा में भी युवाओं को रोजगार देने, कानून व्यवस्था सुधारने सहित विकास कार्यों के कई दावे किए, लेकिन किसी भी बातों का अनुपालन नहीं किया। उन्होंने कहा कि लोगों के जीवन को दूभर करने वाली इस सरकार को झारखंड से उखाड़ फेंकने का संकल्प लेना होगा। देश और राज्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सुशासन वाली सरकार बनानी है। पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में भाजपानीत एनडीए सरकार की देन है। अलग राज्य के साथ भाजपा की सरकार ने राज्य के गांव-गांव में सड़कों का जाल बिछाया है। नदी-नालों में पुल-पुलिया बनाया है। अगर भाजपा की सरकार नहीं बनती तो न झारखंड अलग राज्य बनता और न गांव-गांव में सड़क व पुल-पुलिया बनता। अलग राज्य के नाम पर आंदोलन करने वालों को कांग्रेस सरकार गोद में बैठाकर खिलाती थी। उन्होंने कहा कि यहां आदिवासी-मूलवासियों के विकास के लिए अलग राज्य बनाया गया था, लेकिन आज सत्ता में बैठे लोग खुद की तिजोरी भरने में लगे हैं। उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि गरीबों की जिंदगी भाजपा सरकार ने बदली है। माताओं और बहनों की तकलीफ मोदी सरकार ने ही समझा है। कहा कि प्रधानमंत्री ने जो कहा वह करके दिखाया है। गरीबों को जनधन खाता खुलवाकर उन्हें बैंक की चौखट पार कराया है। हर गरीब को पांच किलो अनाज दिया ताकि कोई भूखा न रहे। अच्छा स्वास्थ्य मिले इसे लेकर आय़ुष्मान भारत कार्ड बनाकर चिकित्सा सुविधा दी। उज्जवला योजना के तहत महिलाओं को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया। राजनीति में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का काम किया है। पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि संकल्प यात्रा अंतिम पड़ाव पर है। 73 विधानसभा क्षेत्र में कार्यक्रम करने के बाद अब यह संकल्प यात्रा न रहकर जन संकल्प यात्रा का रूप धारण कर चुका है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में राज्य में भाजपा की सरकार बनती है तो राज्य की तस्वीर और तकदीर बदली जाएगी। उन्होंने कहा कि झारखंड को अपराधमुक्त झारखंड बनाया जाएगा और राज्य की बुनियादी ढांचा को मजबूत किया जाएगा। कार्यक्रम को भाजपा सांसद संजय सेठ ने भी संबोधित किया। उन्होंने राज्य सरकार को आड़े हाथों लेते हुए जमकर कोसा और केंद्र सरकार की योजनाओं की तारीफ की। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष विजय महतो, रमेश हांसदा, गणेश महली, विनोद सिंह, कुलवंत सिंह बंटी, मधु गोराई, तरु सिंह मुंडा, अनिता पारित, ठाकुर दास महतो, दिवाकर सिंह, विशाल चौधरी, प्रशांत कुमार माईती सहित कई नेता और काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
0 Comments