जमशेदपुर : राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान जमशेदपुर के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग द्वारा विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय, भारत सरकार के विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग के सहयोग से एक 'इनोवेशन कैंप' का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों को विज्ञान और नवाचार के प्रति प्रेरित करना और उनकी तकनीकी दक्षता को सशक्त बनाना था। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रो0 सतीश कुमार ने किया। उन्होंने वैज्ञानिक सोच और अनुसंधान के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने छात्रों को नवीन तकनीकों को अपनाने और तकनीकी उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। इस शिविर में विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों से आए 50 से अधिक छात्रों ने भाग लिया और एनआइटी जमशेदपुर की प्रमुख प्रयोगशालाओं, जिनमें फ्लूइड मैकेनिक्स लैब, 3D प्रिंटिंग टेक्नोलॉजी लैब और सीएनसी मशीन लैब प्रमुख रूप से शामिल थीं, का दौरा किया। विशेष रूप से रोबोटिक्स सत्र में छात्रों को आधुनिक तकनीकों और उनके वास्तविक जीवन में अनुप्रयोगों के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने स्वचालित मशीनों और कृत्रिम बुद्धिमत्ता की कार्यप्रणाली को समझा, जिससे उनकी विज्ञान और प्रौद्योगिकी में रुचि और अधिक प्रबल हुई।
कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों से आए अनुभवी मेंटर्स ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने छात्रों को नवाचार और तकनीकी विकास की संभावनाओं से परिचित कराया। मेंटर्स ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम युवा मस्तिष्क में नई खोजों और अनुसंधान के प्रति रुचि जागृत करने में सहायक होते हैं। यह शिविर विज्ञान और प्रौद्योगिकी में रुचि रखने वाले छात्रों के लिए एक प्रेरणादायक मंच साबित हुआ। शिविर में भाग लेने वाले छात्रों ने इसे एक ज्ञानवर्धक और उत्साहजनक अनुभव बताया तथा एनआइटी जमशेदपुर एवं डीएसटी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस आयोजन ने उन्हें वैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। यह इनोवेशन कैंप स्थानीय छात्रों के लिए एक प्रेरणादायक पहल साबित हुआ, जिसने उन्हें वैज्ञानिक और तकनीकी क्षेत्र में अपनी क्षमता प्रदर्शित करने और भविष्य में उत्कृष्ट योगदान देने का अवसर प्रदान किया।
0 Comments