Breaking News

चाईबासा में पीएम मोदी ने की चुनावी सभा, कांग्रेस और झामुमो पर साधा निशाना PM Modi held election rally in Chaibasa, targeted Congress and JMM

चाईबासा :  पीएम मोदी ने शुक्रवार को चाईबासा के टाटा कॉलेज में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और झामुमो पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और झामुमो में लूट की रेस मची है। दोनों पार्टियों ने मिलकर झारखंड को सिर्फ लूटा है। कहा कि कांग्रेस के सांसद के ठिकाने से 300 करोड़ रुपए बरामद हुए जिसकी गिनती के लिए बैंकों से नोट गिनने वाली मशीन लगानी पड़ी।  उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन आज आदिवासी, दलित और ओबीसी का आरक्षण काटकर धर्म के आधार पर मुसलमानों को देना चाहती है। भाजपा ऐसा नहीं होने देगी। इंडी गठबंधन के लोग माथे पर संविधान का किताब रखकर नाच रहे हैं और धोखा कर रहे हैं, लेकिन मोदी के जीते जी ऐसा नहीं होगा। पीएम ने कहा कि घुसपैठियों के कारण आदिवासियों का हक छीना जा रहा है। ये लोग झारखंड में घुसपैठियों को ठिकाना दे रहे हैं। ये घुसपैठिए हमारे आदिवासी भाई बहनों की जमीन पर कब्जा कर रहे हैं। संथाल में घुसपैठ के कारण आदिवासियों की जनसंख्या घट रही है। यही खेल बंगाल में खेला था। कहा कि घुसपैठियों के कारण ही बंगाल में आदिवासियों का जीवन सुरक्षित नहीं है। अब ऐसा ही हाल ये झारखंड में बनाने वाले हैं। उन्होंने कहा कि घुसपैठियों की संख्या बढ़ेगी तो झारखंड के आदिवासियों की हक भी उन्हें दे दिया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि झारखंड का गठन भाजपा ने ही किया था। तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने इसका गठन किया था। उस वक्त झारखंड के गठन का राजद ने विरोध किया था, जो कांग्रेस के साथ थी। लेकिन झामुमो अभी कांग्रेस और राजद के साथ उनकी ही गोद में खेल रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने आदिवासियों और झारखंड का विकास किया है। झारखंड की पूर्व राज्यपाल आदिवासी महिला द्रौपदी मुर्मू को भाजपा ने ही देश का प्रथम नागरिक बनाया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिवस को जनजातीय गौरव दिवस मनाने की शुरुआत की, जिससे आदिवासियों की अलग पहचान बनी। अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने पहली बार जनजातीय मंत्रालय बनाया। उन्होंने कहा कि झारखंड से ही आयुष्मान भारत योजना के तहत मुफ्त पांच लाख रुपये तक का इलाज, दुमका से मुद्रा लोन योजना, खूंटी से विकसित भारत योजना की शुरुआत की गई। इस दौरान उन्होंने सिंहभूम से भाजपा प्रत्याशी गीता कोड़ा और खूंटी से अर्जुन मुंडा को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के अलावा दोनों प्रत्याशी व कई भाजपा नेता भी मौजूद रहे।

0 Comments

Fashion

Type and hit Enter to search

Close